राहुल दास
हिरणपुर (पाकुड़): बागशीसा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में फर्जी दस्तावेजों के जरिए 10 छात्रों का नामांकन होने का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्राचार्य अवधेश कुमार ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर इन छात्रों के दस्तावेजों की जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। प्राचार्य ने पत्र में बताया कि विद्यालय में वर्ष 2024 में कक्षा 6 में 78 छात्रों का चयन हुआ था। इनमें से 10 छात्रों के कागजात संदिग्ध पाए गए हैं। इन छात्रों और उनके अभिभावकों के नाम इस प्रकार हैं – राहुल राज (पिता: सुदामा मंडल), निखिल कुमार (पिता: गजाधर मंडल), आनंद कुमार (पिता: गुड्डू कुमार), अमित आनंद (पिता: मनोज मंडल), सारंग मुंडा (पिता: मुनेश्वर मुंडा), सुधांशु कुमार (पिता: सूरज कुमार), संजीत सुमन (पिता: मनोहर मंडल), आयुष कुमार (पिता: नवीन कुमार सिंह), आशीष कुमार (पिता: दीप नारायण मंडल), लक्ष्मी कुमारी (पिता: जवाहरलाल मंडल)। प्राचार्य ने पत्र में बताया कि इन छात्रों के दस्तावेजों में कई अनियमितताएं पाई गई हैं, जिससे इनके नामांकन पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से इन कागजातों की सत्यता जांचने और इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि 9 जनवरी 2025 को प्राचार्य के साथ बैठक कर पूरे प्रकरण की समीक्षा की जाएगी। इस घटना ने नवोदय विद्यालय की चयन प्रक्रिया और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें इस मामले की जांच और इसके नतीजों पर टिकी हैं।