अब्दुल अंसारी
पाकुड़िया थाना क्षेत्र के आलुदाहा ग्राम स्थित साप्ताहिक चंगाई सभा से गुम होने का दूसरा मामला प्रकाश में आया है । सीमावर्ती पश्चिम बंगाल राज्य के बीरभूम जिला अंतर्गत दुबराज पुर थाना के ग्राम जोपलाई निवासी 36 वर्षीय गोपीनाथ बागती का पाकुड़िया थाना क्षेत्र के आलुदाहा ग्राम स्थित चंगाई सभा की भीड़ से गत 21 जुलाई को गायब हो जाने की शिकायत उसके भाई विश्वनाथ बागती ने 22 जुलाई को पाकुड़िया थाना में की है और खोजबीन की गुहार लगाई है । विश्वनाथ बागती ने बताया कि एक ईसाई धर्म गुरु द्वारा प्रायोजित आलुदाहा ग्राम में लगने वाली साप्ताहिक चंगाई सभा में स्वास्थ्य होने के लिए उनका भाई परिजनों के संग 21 जुलाई 2023 को दोपहर में गया था,उसी दरमियान बारिश होने लगी और वह भीड़ से बिछड़ कर गुम हो गया । गायब होने के बाद उसकी खोजबीन चारो तरफ की गई लेकिन कोई अता पता नहीं चल सका । अंत में इसकी लिखित सूचना पाकुड़िया पुलिस को देकर गुम हुए उसके भाई की बरामदी की गुहार लगाई गई । इधर थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया बीते दिनों थाना अंतर्गत आलूदाहा गांव में बंगाल से आए युवक गोपीनाथ बागते की गायब होने की दूसरी शिकायत मिली है, सनहा दर्ज कर उस व्यक्ति की खोजबीन की जा रही है, पता लगाया जा रहा है । गौरतलब हो कि इसके पूर्व विगत सात जुलाई 2023 को बीरभूम जिला अंतर्गत दुबराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर निवासी 68 वर्षीय बाटुल बाउरी इसी जगह भीड़ में परिजनों से बिछड़कर गुम हो गया था,और गुमशुदी का मामला पाकुड़िया थाना पहुंचा था,दस दिनों तक काफी खोजबीन के बाद वह व्यक्ति मोंगलाबांध ग्राम से बरामद हुआ था ।






