सतनाम सिंह
पाकुड़, शनिवार, स्थानीय विद्यालय डी ए वी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में झारखंड सहोदया महासंघ, धनबाद के तत्वाधान में सत्र 2023-24 हेतु एक दो दिवसीय एकीकृत ऑफ लाइन शिक्षक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सी बी एस ई से अंगीभूत पाकुड़ जिले के प्राचार्य एवं लगभग 150 शिक्षक गणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के सभा भवन में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में पाकुड़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल, प्राचार्य डी ए वी पाकुड़ डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती, प्राचार्य डी पी एस पाकुड़ जे के शर्मा, प्राचार्य डी ए वी महेशपुर एस एन सिंह, प्राचार्या एलीट पब्लिक स्कूल, अनुपमा साहा एवं अन्य वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल ने बताया कि हमारे देश का भविष्य उनलोगो के हाथ में है जो हमारे बच्चों को कक्षाओं में पढ़ाते हैं। आज इन्ही शिक्षकों के पढ़ाए हुए वैज्ञानिकों ने अटूट मेहनत कर चंद्रयान 3 का चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करा इतिहास रचा एवं भारत का नाम दुनिया में रौशन किया। उन्होंने आगे बताया कि गुरु वह व्यक्ति होता है जो विशिष्ट प्रकार का ज्ञान सिखाता है। उन्होंने सी बी एस ई ने नई शिक्षा नीति के तहत जो मापदंड तय किया है उसके अनुरूप ही शिक्षण व्यवस्था को दुरुस्त करने की सलाह दी। विद्यालय प्राचार्य डॉ विश्वदीप चक्रवर्ती ने सभी शिक्षकों एवं प्रचार्यगणों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम शुरुआत करने की घोषणा की। सी बी एस ई एवं डी ए वी सी ए ई से प्रशिक्षित शिक्षक अमित कुमार एवं अनिंदिता तिवारी ने क्रिया कलाप से अपने अनुभवों को शिक्षकों के समक्ष साझा किया।
