भव्य कलश यात्रा के साथ गूंजे जयकारे, श्रद्धा-भक्ति के माहौल में शुरू हुआ मेला और कथा आयोजन
पाकुड़िया: प्रखंड के रामलला यज्ञ मैदान में शनिवार को नौ दिवसीय श्री श्री 1008 श्री विष्णु महायज्ञ, मेला और कथा पंडाल का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद यज्ञ समिति के अध्यक्ष शंभू भगत, सचिव अशोक भगत एवं अन्य सदस्यों ने अतिथियों को बुके और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। पूरे परिसर में “विष्णु भगवान की जय” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार सुबह भव्य कलश शोभायात्रा से हुई। श्रद्धालुओं ने तिरिपीतिया नदी तट से जल भरकर पाकुड़िया बाजार होते हुए यज्ञ स्थल तक यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और श्रद्धालु शामिल हुए। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि यज्ञ से वातावरण शुद्ध होता है और मानव जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा और आपसी सद्भाव मजबूत होता है। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष जूली हेंब्रम जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







