सतनाम सिंह
महेशपुर प्रखंड में पिछले कई महीनों से बिजली की समस्या है। बिजली विभाग के इस रवैया से नाराज युवा ओर ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर शुक्रवार को प्रखंड के अंबेडकर चौक को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अनियमित बिजली आपूर्ति व लो वोल्टेज से परेशान ग्रामीणों ने करीब साढ़े पांच घंटे तक सड़क जाम किया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित रहा। जिससे आने जाने वालों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। वहीं सैकड़ों युवा व ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सैकड़ो युवा व उपभोक्ताओं ने कहा कि बिजली विभाग इधर का बिजली काटकर उधर और उधर का बिजली काट कर इधर करने का कार्य लंबे समय से चलाता आ रहा है। लोगों ने कहा कि बिजली की स्थिति इतनी खराब है कि इस भीषण गर्मी व बरसात के मौसम में आमआदमी के साथ- साथ किसान को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़क जाम के करीब साढ़े पांच घंटे बाद सीओ रितेश जायसवाल, सहायक विद्युत अभियंता अमड़ापाड़ा गिरधारी सिंह मुंडा, विद्युत कनीय अभियंता आशीष कुमार पटेल सहित अन्य ने आक्रोशित युवा व ग्रामीणों को काफी समझाया लेकिन आक्रोशित उपभोक्ताओं ने इस बिजली संकट की समस्या से निजात पाने की बात कहते सड़क जाम पर डटे रहें. वही सहायक विद्युत अभियंता गिरिधारी सिंह मुंडा व विद्युत कनीय अभियंता आशीष कुमार पटेल सहित अन्य ने आक्रोशित ग्रामीणों को 10 और 11 फीडर को दुरुस्त करते हुए दोनों फीडर में दिनों तक बिजली बांटते हुए 7 दिन के बाद बिजली की लो वोल्टेज व अनियमित बिजली कटौती की समस्या को लेकर कार्य करने का आश्वासन आक्रोशित युवा व उपभोक्ताओं को दिया। जिसके बाद उपभोक्ताओं ने आश्वासन को मानते हुए सड़क जाम हटाया।








