होने वाले पति ने गिफ्ट में दिया था मोबाइल
सतनाम सिंह
पाकुड़ । जिले के हिरणपुर प्रखंड में एक अजीबो गरीब बाते सामने आया है। जीवन की नई पारी शुरू करने की उमंग व उत्साह के साथ हिरणपुर प्रखंड के डांगापाड़ा का एक युवक दूल्हा बनकर बाराती के संग सोमवार देर शाम साहिबगंज जिले के कोटालपोखर के विजयपुर गांव पहुंचा। दरवाजे पर लड़कीवालों ने बारात का स्वागत किया। जब विवाह का रस्म शुरू करने की बात आई तो लोगों के पैर तले से जमीन खिसक गई।उस समय पता चला कि दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई है, जिसके कारण दूल्हे को निराश होकर बैरंग वापस लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि हिरणपुर प्रखंड के डांगापाड़ा के एक युवक की शादी एक माह पूर्व विजयपुर में तय हुई थी। विवाह तय होने के बाद युवक ने अपनी होने वाली पत्नी को एक मोबाइल फोन भी दिया था। दोनों पक्षों के घरों में शादी की रस्म भी धूमधाम से निभाई गई। युवक निर्धारित तिथि को बाराती संग दुल्हन के घर गाजे बाजे के साथ पहुंचा। बारात पहुंचने के पूर्व लड़के ने अपनी होने वाली पत्नी से मोबाइल फोन पर बात भी की और कहा कि जल्द ही पहुंच रहे है।शादी को लेकर दुल्हन के घर को पूरी तरह सजाया गया था। लड़की के यहां बारात के पहुंचने पर उनका स्वागत सत्कार भी किया गया। नाश्ते के बाद जब शादी की रस्म अदायगी का वक्त आया, तो दुल्हन घर से गायब थी।
मायूस दूल्हा दुल्हन बिन लौटा वापस
इसके बाद लड़की पक्ष के सदस्यों ने बहाना बनाना शुरू कर दिया। पहले किसी रिश्तेदार की मौत की बात बताई गई। इसी बीच कुछ बाराती घर के अंदर गए, तब दूल्हा पक्ष को पता चल गया कि लड़की गांव के ही किसी प्रेमी के साथ भाग गई है।इस घटना से मौके पर कोहराम मच गया। दुल्हन पक्ष काफी हैरान-परेशान होकर लड़की को खोजने में लगे रहे। वहीं दूल्हा पक्ष अवाक होकर बैठे रहा। काफी देर बाद मजबूरन दूल्हा पक्ष को बैरंग वापस लौटना पड़ा। इस घटना की गांव में चर्चा जोरो पर है।





