Search

April 1, 2026 12:05 am

2,137.43 करोड़ रुपये के राजस्व की ऐतिहासिक वसूली, खनन विभाग ने 120% पार कर बनाया रिकॉर्ड।

सख्ती, रणनीति और टीमवर्क से बड़ी छलांग, डीसी के मार्गदर्शन में मिली सफलता।

पाकुड़। जिला खनन कार्यालय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए राजस्व संग्रह में नया इतिहास रच दिया है। 1,770.12 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 2,137.43 करोड़ रुपये की वसूली कर विभाग ने 120.75 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की तुलना में काफी बेहतर रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 1,252.83 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 1,240.44 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था, जो 99.01 प्रतिशत रहा था। राज्य स्तर पर इस वर्ष पाकुड़ को चौथा स्थान मिला है। हालांकि, अधिक राजस्व संग्रह के बावजूद रैंकिंग में गिरावट का कारण अन्य जिलों में कोयला, आयरन और बॉक्साइट जैसे बड़े खनन पट्टों की स्वीकृति को बताया गया है, जिससे वहां राजस्व अधिक रहा। उपायुक्त मनीष कुमार के नेतृत्व और बेहतर मार्गदर्शन में खनन क्षेत्रों में सख्त निगरानी, बेहतर प्रबंधन और प्रभावी कार्रवाई के चलते यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार ने इस सफलता का श्रेय उपायुक्त को देते हुए कहा कि उनके निर्देशन में पूरी टीम ने समन्वित प्रयास किया। उन्होंने बताया कि खान निरीक्षकों एवं खनन विभाग के सभी कर्मियों ने एकजुट होकर कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप यह रिकॉर्ड राजस्व संभव हो पाया। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में पाकुड़ और बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य में शीर्ष स्थान हासिल करेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!