पाकुड़, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पाकुड़ जिले में स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में 39 चयनित योग प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जिनमें 22 पुरुष एवं 17 महिला प्रशिक्षक शामिल हैं। इस अवसर पर उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त द्वारा संयुक्त रूप से ‘योग जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ का उद्देश्य जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में भ्रमण कर योग के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और लोगों को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने संबोधन में कहा,
योग एक, पृथ्वी एक — इस प्रेरक संदेश को लेकर योग रथ जिले के कोने-कोने में जाएगा और आमजन को योग के लाभों से अवगत कराएगा।” इससे पहले निर्वाचन वाटिका परिसर में उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी प्रखंडों और पंचायतों में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में आम नागरिक, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र और स्वयंसेवी संगठनों के सदस्य शामिल हुए। इस भव्य आयोजन के माध्यम से पाकुड़ जिले ने न केवल योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है, बल्कि एक स्वस्थ समाज की ओर अपने संकल्प को भी सुदृढ़ किया है।







