बालीडीह गांव में हादसा, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
पाकुड़िया। थाना क्षेत्र के बालीडीह गांव में शनिवार रात अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया था। ग्रामीण उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के देवीनगर निवासी मोहन तुरी (45 वर्ष), पिता लदमा तुरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मोहन तुरी अपने रिश्तेदारों से मिलने खजूरडंगाल गांव आया हुआ था। शनिवार रात वह टहलते हुए बालीडीह गांव की ओर गया था। इसी दौरान अज्ञात ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पाकुड़िया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात ट्रैक्टर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।






