अक्षय कुमार सिंह
घाटो। चैनपुर स्थित टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में देश का 77वाँ गणतंत्र दिवस उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मधेश कुमार (संचालन एवं अनुरक्षण प्रमुख, लॉजिस्टिक विभाग, टाटा स्टील, वेस्ट बोकारो, घाटोटांड) रहे। उनके द्वारा विद्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण किया गया।

इसके पश्चात कार्यक्रम का भावपूर्ण स्वागत नृत्य ‘स्वागतम–स्वागतम’ से हुआ। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा ‘आओ तुम्हें चाँद पर ले जाएँ’ गीत पर प्रस्तुत मनोहारी नृत्य ने सभी उपस्थितजनों का मन मोह लिया। सातवीं की छात्रा तनु जायसवाल ने अंग्रेज़ी भाषण प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने मोबाइल लत जैसे समसामयिक विषय पर नृत्य के माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने ‘यह देश है वीर जवानों का’ गीत पर ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत कर देशभक्ति क माहौल में चार चांद लगाए।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सामूहिक नाटक ‘ऑपरेशन सिंदूर’, जिसने देशभक्ति, त्याग एवं बलिदान की भावना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों द्वारा ‘साइबर सुरक्षा’ विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। प्रस्तुत देशभक्ति पियानो (वाद्य यंत्र) संगीत ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समापन मुख्य अतिथि मधेश कुमार ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के प्राचार्य तारकेश्वर कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।







