लड़कों में ब्रेंटियस मरांडी व लड़कियों में संगीता मरांडी ने मारी बाजी।
सतनाम सिंह
पाकुड़। गुरुवार को 75 वें गणतंत्र दिवस के पूर्व दिन पर जिला प्रशासन द्वारा सिद्धो कान्हू मुर्मू पार्क स्थित वीआईपी रोड से सोना जोड़ी व सोना जोड़ी से वीआईपी रोड तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल व पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।प्रतिभागियों के साथ उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल एवं उनकी धर्मपत्नी रुचि बरनवाल, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी हरवंश पंडित समेत अन्य पदाधिकारी भी इस मैराथन दौड़ में शामिल हुए। मैराथन दौड़ में प्रथम स्थान दुमका निवासी ब्रेंटियस मरांडी ने द्वितीय पाकुड़िया निवासी सुनील टुडु एवं जंगीपुर निवासी अर्जुन रविदास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया वहीं लड़कियों में संगीता मरांडी प्रथम ,फूल कुमारी मढैया द्वितीय एवं रिया कुमारी तीसरी स्थान पर रही । मौके पर उपायुक्त ने कहा कि इस मैराथन दौड़ के आयोजन का मकसद देश के लिए युवाओं को एकता अखंडता दायित्व के लिए जागृत करना है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतिवर्ष विभिन्न खेल संघों एवं सिविल सोसाइटी के सहयोग से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैराथन का आयोजन किया जाता है। प्रथम स्थान अर्जित करने वाले टोनाय मुर्मू को बतौर पुरस्कार साइकिल दिया गया। वहीं अन्य दोनों द्वितीय व तृतीय स्थान अर्जित करने वाले धावकों को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रतिभागियों को दिलाई शपथ
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने शपथ दिलाया कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।मौके पर उप विकास आयुक्त मो० शाहिद अख्तर, सिविल सर्जन डॉ० मंटू कुमार टेकरीवाल, अनुमंडल पदाधिकारी हरिवंश पंडित, स्थापना उप समाहर्ता विकास कुमार त्रिवेदी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, पाकुड़ एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, जिला खनन पदाधिकारी प्रदीप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक मुकुल राज, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, पाकुड़ बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू, अंचलाधिकारी भागीरथ महतो, प्रशासक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल मिश्रा व अन्य पदाधिकारी समेत जिले के गणमान्य लोग उपस्थित थे।









