Search

July 27, 2025 7:09 pm

विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत 10 गांवों में चला जागरूकता अभियान, सैकड़ों किसानों ने लिया प्रशिक्षण

कृषि विज्ञान केंद्र महेशपुर की टीम ने दी आधुनिक तकनीकों की जानकारी

पाकुड़/महेशपुर: कृषि विज्ञान केंद्र, महेशपुर द्वारा 15 दिवसीय विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत पाकुड़ जिले के 10 गांवों में कृषक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। यह अभियान 12 जून से 26 जून 2025 तक आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती की तकनीकों से अवगत कराना है। अभियान के पहले दिन मंगलवार को कृषि वैज्ञानिकों की दो टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती, जलवायु अनुकूल कृषि पद्धति, फसल विविधीकरण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण, बहुफसली प्रणाली, पशुपालन, मशरूम उत्पादन, मुर्गी पालन, बकरी पालन तथा उद्यानिकी तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे—प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कृषि सिंचाई योजना, आत्मा योजना, कृषि यांत्रिकीकरण योजना, बीज ग्राम योजना, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा मिशन, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान पेंशन योजना एवं जल शक्ति योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। वैज्ञानिकों ने बताया कि कैसे किसान पारंपरिक पद्धतियों के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों को अपनाकर कम लागत में अधिक उत्पादन कर सकते हैं। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र, समाधान शिविर और प्रदर्शन के माध्यम से किसानों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस अभियान में कृषि विज्ञान केंद्र महेशपुर से डॉ. संजय कुमार, डॉ. विनोद कुमार, ई. सुरेंद्र सिंह मुंडा, डॉ. करुणा शंकर, राज्य सरकार के प्रतिनिधि मृत्युंजय कुमार, सुनिता एक्का, डॉ. मानू जसवाल, प्रशांजीत महतो, तकनीकी सहायक आलोक बागें, राहुल भट्टाचार्य एवं विभिन्न प्रखंडों के सहायक तकनीकी प्रबंधकों ने भाग लिया। 12 जून को प्रारंभिक दिवस पर सोनाजोड़ी, शहरकोल, शमशेरा, गांधीपुर, पृथ्वीनगर और जैकस्टोपुर गांवों में अभियान चलाया गया। प्रत्येक गांव में किसानों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। मौके पर DHO पाकुड़, पंचायती प्रतिनिधि, तकनीकी प्रबंधक सुदीप कुमार, एवं अन्य विभागीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कृषि विज्ञान केंद्र, महेशपुर के समन्वय में चल रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर