Search

January 25, 2026 6:17 pm

स्वामी विवेकानंद पुण्यतिथि पर भाजयुमो ने दी श्रद्धांजलि, कहा— दुनिया को भारत ने सिखाया सहिष्णुता का पाठ।

भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चेतना के प्रतीक को भावभीनी श्रद्धांजलि।

राजकुमार भगत

भारतीय संस्कृति, वेदांत और योग को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करने वाले युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। भाजयुमो के जिला संयोजक जीतू सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र में स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, जिला महामंत्री रूपेश भगत समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा के जागरणकर्ता थे। उन्होंने अपने विचारों से न केवल देशवासियों को प्रेरित किया, बल्कि पश्चिमी दुनिया को भी भारतीय अध्यात्म और संस्कृति की गहराई से परिचित कराया। उन्होंने आगे कहा कि विवेकानंद का मूलमंत्र था— “एक समय में एक काम करो और उस काम को पूरी आत्मा से करो।” उनके विचारों में उपनिषद, भगवद्गीता, गौतम बुद्ध और ईसा मसीह के संदेशों की झलक मिलती है। 1893 में शिकागो धर्म महासभा में दिया गया उनका ऐतिहासिक भाषण आज भी विश्व मंच पर भारत की गौरवगाथा का परिचायक है। स्वामी विवेकानंद ने जातिवाद, शिक्षा, धर्मनिरपेक्षता और मानवता जैसे विषयों पर क्रांतिकारी विचार प्रस्तुत किए। बेलूर मठ में 1902 में उनका निधन हुआ, लेकिन उनके विचार आज भी करोड़ों युवाओं के प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शबरी पाल, पवन भगत और आलोक मंडल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर