इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्वर्गीय शिबू सोरेन के निधन पर बुधवार को महेशपुर प्रखंड कार्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान झामुमो नेताओं, पदाधिकारियों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा की शुरुआत गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षमय जीवन, आदिवासी अस्मिता और सामाजिक न्याय के लिए किए गए योगदान को याद किया। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कहा कि शिबू सोरेन झारखंड की आत्मा थे। उन्होंने आदिवासियों, किसानों, मजदूरों और वंचितों के अधिकारों के लिए पूरी जिंदगी संघर्ष किया। झामुमो नेता सामसुन मुर्मू ने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेंब्रम ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुजी का निधन झामुमो के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने हमेशा महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद किया। सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने गुरुजी के बताए रास्ते पर चलने और झारखंड के विकास और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनामुल हक, पप्पू अंसारी, अखलाकुर रहमान, बुदल यादव, मो. असद, पोल्टू शेख, मोताहार शेख, निरोज मड़ैया, दिनेश मरांडी, लोदो मुर्मू, सेनेली हेंब्रम, असराफुल अंसारी, अंजनी कुमार भगत उर्फ गुड्डू, अब्दुल रशीद, राजू अंसारी, पलाश माल, राजेंद्र हांसदा, मोफिज शेख, बाबू शेख, नूर आलम, कालिदास सोरेन, कृष्ण मुर्मू, निखिल हांसदा, मरकुस मरांडी, कदम रसूल, नासिर शेख, तारिक अनवर, अशीफ शेख, मुर्शलीम शेख सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।