पाकुड़। जिला मत्स्य कार्यालय में बंदोबस्ती को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। आरोप है कि कार्यालय से जुड़े दलालों ने दर्जनों महिला व पुरुषों से 5-5 हजार रुपए वसूले, जबकि हाथ में सिर्फ 110 रुपए की रसीद थमाई। इससे नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को मत्स्य कार्यालय पहुंचकर जोरदार हंगामा किया। लाभुक उज्जवल राजवंशी, टुकटुकी राजवंशी, पुनका राजवंशी, शिल्पा राजवंशी, मिली राजवंशी, विदेशी राजवंशी समेत कई लोगों ने बताया कि बापन सरकार और मनोरंजन सरकार नामक व्यक्तियों ने उन्हें सदस्य बनाने के नाम पर पैसे लिए। कहा गया कि सदस्य बनने पर बंदोबस्ती मिलेगा, लेकिन आज तक किसी को कुछ नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि हमें झांसे में रखकर गुपचुप तरीके से बंदोबस्ती किसी और के नाम कर दी गई। इसका हमलोग घोर विरोध करते हैं और मामला ऊपर तक ले जाएंगे। इस पर जिला मत्स्य पदाधिकारी काजल तिर्की का कहना है कि बंदोबस्ती नियम के तहत हुई है। 5 हजार रुपए वसूली की जानकारी उन्हें नहीं है। अगर वसूली हुई है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस और पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए पाकुड़िया में टास्क फोर्स की बैठक
