धनुषपूजा मध्य विद्यालय में योग शिक्षा से बच्चों में बढ़ रही जागरूकता।
पाकुड़ सदर प्रखंड के मध्य विद्यालय धनुषपूजा में इन दिनों बच्चों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष पहल की गई है। विद्यालय में महीने में चार से पाँच दिन ‘करोगे योग तो रहोगे निरोग’ थीम पर योग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षिका मंजू कुमारी द्वारा छात्र-छात्राओं को विभिन्न लाभकारी योगासन कराए गए और हर आसन से जुड़े शारीरिक व मानसिक फायदों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षिका ने बताया कि योग से एकाग्रता और स्मरण शक्ति बढ़ती है, तनाव व चिंता में कमी आती है, नींद बेहतर होती है और छात्रों का शैक्षणिक प्रदर्शन भी सुधरता है। साथ ही यह आत्मविश्वास बढ़ाने, अनुशासन विकसित करने और सकारात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करने में मददगार है। नियमित अभ्यास से शरीर लचीला बनता है, मांसपेशियां मजबूत होती हैं और गलत जीवनशैली से होने वाली समस्याओं से बचाव होता है।
उन्होंने कहा कि योग ऐसा अभ्यास है जिसे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी आसानी से कर सकते हैं। शरीर के लगभग हर अंग का व्यायाम इसमें शामिल होता है, जिससे संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ मिलता है। शिक्षकों ने भी छात्रों को योग को दैनिक जीवन में अपनाने की सलाह दी और कहा कि यह स्वस्थ जीवन की सकारात्मक दिशा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।





