पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में डोर टू डोर विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश–सह–अध्यक्ष शेष नाथ सिंह के निर्देश पर तथा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित विभिन्न प्रखंडों के पाडेरकोला, बड़ा घघरी समेत कई पंचायतों में यह विशेष अभियान संचालित हुआ। अभियान के तहत पैरा लीगल वॉलंटियर्स भरत कुमार साहा, सौरभ कुमार यादव और जयंती टुडू ने घर-घर जाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। टीम ने जादू-टोना प्रथा, बाल विवाह और इससे जुड़े अत्याचार, सड़क दुर्घटना पीड़ितों के अधिकार, प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के पीड़ितों को मिलने वाली सहायता समेत विभिन्न विषयों पर जागरूकता फैलाई।
इसके अलावा डॉन, संवाद, जागृति और आशा जैसी जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकार, सरकारी योजनाओं और उपलब्ध कानूनी सहायता से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना है।





