Search

April 27, 2026 10:38 pm

पाकुड़ की दो बेटियाँ राज्य स्तर पर सम्मानित, न्याय दिलाने की मिशनरी बनी मिसाल

पाकुड़: पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड स्थित जेंडर रिसोर्स सेंटर में पैरालीगल कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत दुलाली मंडल और साकीना खातून को उनके उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। दोनों ने अपने समर्पण, निरंतर प्रयास और संवेदनशील कार्यशैली से ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने उन्हें यह प्रतिष्ठित पहचान दिलाई है। महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई में इन दोनों का योगदान अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक माना जा रहा है। यह सम्मान सिद्ध करता है कि सामाजिक परिवर्तन केवल बड़े पद या संसाधनों से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर किए गए ईमानदार तथा सतत प्रयासों से भी संभव है। प्रशस्ति पत्र के अनुसार, दोनों पैरालीगल कार्यकर्ताओं ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना, यौन हिंसा, बाल विवाह और अन्य सामाजिक भेदभाव से पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका संज्ञान लिया। हर केस को मानवीय संवेदना के साथ समझते हुए वे संबंधित विभागों को तुरंत सूचना उपलब्ध कराती हैं, पीड़ित महिलाओं को कानूनी अधिकारों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देती हैं और पुलिस, बाल संरक्षण इकाई तथा न्यायिक संस्थाओं से समन्वय स्थापित करती हैं। आवश्यकता पड़ने पर सामाजिक एवं मानसिक परामर्श भी उपलब्ध कराती हैं। यह सम्मान उन सभी साहसी महिलाओं को समर्पित है, जो कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानतीं। हमारा उद्देश्य है कि हर महिला अपने अधिकारों को जाने और न्याय पाने के लिए आगे आए। यदि हमारे काम से अन्य महिलाएँ प्रेरित होती हैं, तो यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।जेंडर रिसोर्स सेंटर की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के प्रयासों से अनेक महिलाओं को सुरक्षा, राहत और न्याय मिला है। उनके सरल व्यवहार, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी ने क्षेत्र की महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाया है। आज कई युवा महिलाएँ उनकी प्रेरणा से सामाजिक सेवा और महिला अधिकारों के क्षेत्र में आगे आने की इच्छा व्यक्त कर रही हैं। पाकुड़ क्षेत्र के ग्रामीणों से लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों तक, सभी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। राज्य स्तरीय सम्मान ने न केवल दोनों पैरालीगल कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि जेंडर रिसोर्स सेंटर की गतिविधियों को भी नई पहचान दिलाई है। दुलाली मंडल और साकीना खातून की यह यात्रा साबित करती है कि यदि इरादे नेक हों और प्रयास निरंतर, तो छोटे गाँव से निकलकर भी बड़ी सफलता की कहानी लिखी जा सकती है।

img 20251211 wa00208566085285146788475

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!