ईवीएम से दलीय आधार पर चुनाव की मांग, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
पाकुड़: नगर निकाय चुनाव को लेकर झारखंड सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पाकुड़ नगर परिषद कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय के नेतृत्व में आयोजित एक दिवसीय धरने में भाजपा नेताओं ने दो वर्षों से लंबित नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर ईवीएम से अविलंब कराने की मांग उठाई।धरने में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य निवास मंडल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकायों की हालत बद से बदतर हो गई है। अधिकारियों की मनमानी से आम लोग परेशान हैं और बुनियादी सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर हैं। धरना के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन नगर परिषद प्रशासक को सौंपा।निवास मंडल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में रघुवर सरकार ने दलीय आधार पर ईवीएम से निकाय चुनाव कराए थे, लेकिन पिछले छह वर्षों से सत्ता में रही हेमंत सरकार लोकतंत्र से भाग रही है। पंचायत चुनाव में पिछड़ों के आरक्षण के बिना चुनाव कराकर सरकार ने हकमारी की और ट्रिपल टेस्ट के नाम पर नगर निकाय चुनाव टालती रही।भाजपा नेताओं ने कहा कि ट्रिपल टेस्ट पूरा होने के बाद भी सरकार नियमावली बदलकर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर और ईवीएम से नहीं कराना चाहती। बैलेट पेपर के जरिए भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की साजिश रची जा रही है, जबकि पूरा देश डिजिटल व्यवस्था और ईवीएम के जरिए पारदर्शिता की ओर बढ़ चुका है।नेताओं ने यह भी कहा कि निकाय चुनाव नहीं होने से केंद्र से मिलने वाले करोड़ों रुपये के अनुदान से राज्य वंचित हो रहा है। भाजपा ने स्पष्ट किया कि संभावित हार के डर से सरकार चुनाव टाल रही है।धरना कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत ने किया। मौके पर प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष संपा साहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







