पाकुड़। खदानपाड़ा स्थित रुद्रनगर में सात दिवसीय श्रीश्री 1008 महारुद्र यज्ञ का आयोजन इस वर्ष 17वीं बार किया जा रहा है। यज्ञ को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यज्ञ समिति द्वारा भव्य यज्ञ मंडप का निर्माण किया गया है, जिसे आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। आज श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यज्ञ समिति के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि महारुद्र यज्ञ की शुरुआत वर्ष 2006 में हुई थी। कुछ कारणों से यह आयोजन पांच वर्षों तक स्थगित रहा, लेकिन वर्ष 2011 से पुनः इसकी शुरुआत की गई। तब से यह आयोजन निरंतर होता आ रहा है। इस वर्ष यज्ञ का आयोजन 24 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। महारुद्र यज्ञ के आचार्य पंडित संतोष तिवारी ने बताया कि यज्ञ में पाकुड़ सहित झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों से पुरोहित शामिल होंगे। स्थानीय स्तर पर 10 पुरोहित यज्ञ कार्य में योगदान देंगे। इसके अलावा साहिबगंज, काशी, बक्सर, सासाराम, कटिहार, गोड्डा, दानापुर, पिरपैती और बिहटा से भी विद्वान पुरोहितों का आगमन होगा।
यज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहेगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।





