झामुमो के संघर्ष के आगे झुका रेलवे।
पाकुड़/कोलकाता। रेलवे की अनदेखी और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर झामुमो के आह्वान पर साहिबगंज और पाकुड़ में पत्थर व कोयला की रैक लोडिंग बंद किए जाने के बाद मंगलवार को कोलकाता में रेलवे, पत्थर व्यवसायियों और झामुमो नेताओं के बीच हाई लेवल कमेटी की बैठक हुई। बैठक में पूर्वी रेलवे के जीएम मिलिंद देउश्कर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। झामुमो की ओर से केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा के नेतृत्व में महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, केंद्रीय कमेटी सदस्य संजय गोस्वामी और क्षेत्र के पत्थर व्यवसायी शामिल हुए। बैठक में पाकुड़ और साहिबगंज की वर्षों से लंबित रेल सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। झामुमो केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा ने बताया कि बैठक में रेलवे ने पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर शताब्दी एक्सप्रेस के ठहराव, साहिबगंज में पूर्वी और पश्चिमी आरोबी के टेंडर जल्द निकालने, पाकुड़ से भागलपुर के लिए लोकल ट्रेन (दिल्ली जाने वाली ट्रेन से मेल) देने, पाकुड़ में बंद पड़े एक्सीलेटर को चालू करने, साहिबगंज में लोको सेट निर्माण, वनांचल एक्सप्रेस में फर्स्ट एसी का एक पूरा कोच जोड़ने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। पंकज मिश्रा ने कहा कि यह संघर्ष किसी राजनीति के लिए नहीं बल्कि पाकुड़ और साहिबगंज की जनता के हक और विकास के लिए था। झामुमो क्षेत्र की आवाज़ बनकर रेलवे पर दबाव डालती रहेगी और जब तक वादे जमीन पर नहीं उतरते, पार्टी चुप नहीं बैठेगी। झामुमो नेताओं ने साफ कहा कि जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विकास से जुड़े मुद्दों पर जरूरत पड़ी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।





