Search

February 18, 2026 1:44 am

एबीवीपी के आंदोलन का असर, केकेएम कॉलेज में बीएड की मान्यता बहाल, छात्रों को बड़ी राहत।

राजकुमार भगत

पाकुड़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पाकुड़ की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का बड़ा नतीजा सामने आया है। 21–22 जनवरी को हुए आंदोलन के बाद केकेएम महाविद्यालय के B.Ed. विभाग की मान्यता पुनः बहाल कर दी गई। इससे क्षेत्र के सैकड़ों छात्रों को राहत मिली है, जिनका भविष्य अधर में लटक गया था। मान्यता बहाली के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. युगल झा, B.Ed. विभागाध्यक्ष डॉ. महबूब आलम और कर्मचारी अचिंतो चौबे को माला पहनाकर सम्मानित किया और सहयोग के लिए आभार जताया।
प्रदेश सह मंत्री बम भोला उपाध्याय ने इसे छात्र एकता और सतत संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यदि मान्यता वापस नहीं मिलती, तो सैकड़ों छात्रों के दो कीमती वर्ष और लाखों रुपये बर्बाद हो जाते। विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्र हितों की रक्षा के लिए प्रहरी की भूमिका निभाती है—जहां चूक होती है, वहां आंदोलन, और जहां सकारात्मक कदम उठते हैं, वहां सम्मान। हालांकि परिषद ने साफ किया कि संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। कॉलेज उपाध्यक्ष सुमित सेन ने बताया कि भवन निर्माण की जांच, सेमेस्टर-4 के परिणाम में सुधार, सत्र नियमित करने, शौचालयों की दुरुस्ती और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था जैसी लंबित मांगों को लेकर प्राचार्य को रिमाइंडर सौंपा गया है। इनके समाधान के लिए 10 दिनों का समय दिया गया है। मौके पर जिला संयोजक सुमित पांडे समेत रॉकी दास, राकेश कुमार, दीपक ठाकुर, राहुल शाह, अर्जुन दास और चंदन पहाड़िया उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो छात्र हित में फिर आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर