इकबाल हुसैन
महेशपुर (पाकुड़): प्रखंड के कनिझारा स्थित लैम्प्स लिमिटेड को लेकर धान खरीद में गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लैम्प्स ने इस वर्ष 1,833 क्विंटल धान खरीदा है, जिसमें से केवल 750.7 क्विंटल धान राइस निल बरहड़वा द्वारा उठाया गया। शेष 1,082.3 क्विंटल धान अभी भी लैम्प्स के गोदाम में पड़ा है। लैम्प्स के सचिव सरस्वती कोड़ा ने बताया कि उन्होंने बार-बार मिल और जिला आपूर्ति कार्यालय, पाकुड़ से शेष धान उठाने का अनुरोध किया, लेकिन धान अब तक नहीं उठाया गया। इसके चलते लैम्प्स फीडर क्षेत्र के किसानों से नई खरीद करने में असमर्थ है।
सचिव ने बताया कि मिल मजदूरों को गाड़ियों की डिलीवरी का भुगतान नहीं कर रही है। साथ ही मिल बड़े-बड़े गठ्ठे भेजती है, जिनका वजन महेशपुर में उपलब्ध मशीन से करना संभव नहीं है। लैम्प्स ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पाकुड़ से अनुरोध किया है कि वे मिल को धान उठाने के लिए निर्देश दें या जरूरत पड़ने पर जिले की किसी अन्य मिल को धान आवंटित करें।




