Search

February 12, 2026 1:46 am

धूमधाम से मनी अमर शहीद बाबा तिलका मांझी की जयंती, माल्यार्पण कर वीर शहादत को किया नमन।

​अमड़ापाड़ा – स्वतंत्रता संग्राम के आदि विद्रोही अमर शहीद बाबा तिलका मांझी की जयंती प्रखंड क्षेत्र के डुमरचीर मोड़ पर धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई और उनके बलिदान को याद किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडरो संथाली के ग्राम प्रधान देवा पहाड़िया एवं मंडरो पहाड़ के ग्राम प्रधान गागु पहाड़िया ने संयुक्त रूप से किया।

अंग्रेजों की नींव हिला दी थी बाबा तिलका मांझी ने

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए हायब विनोद पहाड़िया ने बाबा तिलका मांझी (जबरा पहाड़िया) के शौर्य को नमन किया। उन्होंने कहा, “आज हम जिस आजाद भारत की हवा में सांस ले रहे हैं, वह बाबा तिलका मांझी जैसे वीरों की बदौलत है। उन्होंने कम उम्र में ही अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी।” ​उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए बताया कि 1778 में पहाड़िया सरदारों के साथ मिलकर बाबा ने रामगढ़ कैंप को अंग्रेजों से मुक्त कराया था। उनके अटूट साहस का प्रमाण यह था कि उन्होंने अंग्रेज अधिकारी क्लीवलैंड को मौत के घाट उतार दिया था। गिरफ्तारी के बाद भी उन्होंने कभी घुटने नहीं टेके और भागलपुर में हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया।

आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प

मौके पर गुड़ीत देवा पहाड़िया ने कहा कि नई पीढ़ी को बाबा तिलका मांझी के आदर्शों और उनके राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। इस दौरान दर्जनों महिला एवं पुरुषों ने ‘बाबा तिलका मांझी अमर रहे’ के नारों के साथ श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर नादो पुजारी देवा पहाड़िया, सदस्य नरेश पहाड़िया, रामकुमार पहाड़िया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर