संवाददाता: ममता जायसवाल
पाकुड़। पाकुड़ जिला के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत जोरडिहा स्कूल में पहली बार स्काउट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना था।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में रनजीता कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी भगत उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्काउट गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट ध्वजारोहण एवं प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद प्रशिक्षकों ने छात्रों को स्काउट की मूल भावना, उसके नियम एवं सिद्धांतों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को प्राथमिक चिकित्सा, टीमवर्क, आपदा प्रबंधन तथा सामाजिक सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि स्काउट गतिविधियां छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है। प्रबंधन ने यह भी बताया कि भविष्य में इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया तथा स्काउट आंदोलन से जुड़कर समाज सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।







