Search

February 15, 2026 11:23 pm

शिवमय हुआ महाशिवरात्रि पर्व, आस्था के सैलाब के बीच भव्य शिव बारात ने बांधा समां।

शिवालयों में दिनभर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सेवा-पुण्य और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ शिव-पार्वती विवाह।

एस कुमार

महेशपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को महेशपुर प्रखंड क्षेत्र पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और दिनभर पूजा, सेवा व धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला चलता रहा। शाम होते-होते गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शिव बारात ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। सुबह प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीश्री 1008 महेश्वर नाथ शिव मंदिर, थाना परिसर के समीप शिव मंदिर, ग्वालपाड़ा शिव मंदिर, भोरिकोचा मंदिर, रोलाग्राम शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें दिखीं। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का प्रिय बेलपत्र, सफेद फूल, बेल व गेहूं की बाली के साथ दूध-दही से शिवलिंग का अभिषेक कर परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समितियों ने व्यवस्था संभालते हुए बैरिकेडिंग कराई, जिससे कतारबद्ध दर्शन सुचारू रूप से होते रहे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर सेवा-भाव भी देखने को मिला। आदि शक्ति काली मंदिर आमलादही और बजरंग दल के सदस्यों ने श्रीश्री 1008 बुढ़ानाथ महेश्वरनाथ शिव मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के लिए दूध, जल, शरबत, दही शरबत, खीर और चाय की सेवा की। यह सेवा काली मंदिर कमेटी के सदस्य उत्तम भगत की देखरेख में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु शामिल रहे। शाम ढलते ही उत्सव अपने चरम पर पहुंच गया। शिव-पार्वती विवाह की मान्यता के साथ भव्य शिव बारात का आयोजन किया गया। पंडित दुलाल पांडेय ने बताया कि फाल्गुन मास की प्रदोष तिथि पर शिव-पार्वती का विवाह हुआ था, इसी स्मृति में शिव बारात निकाली जाती है। आयोजन समिति की अगुवाई में यह बारात श्रीश्री 1008 बूढ़ा बाबा शिव मंदिर से प्रारंभ होकर हाटपाड़ा-बाजारपाड़ा मुख्य मार्गों से गुजरती हुई ग्वालपाड़ा के रास्ते पुनः मंदिर परिसर पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव-पार्वती विवाह संपन्न हुआ, इसके बाद विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ शिव बारातियों के संग क्षेत्र भ्रमण करते नजर आए। देर रात तक “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा महेशपुर गूंजता रहा।

img 20260215 wa00328631873213310619639
img 20260215 wa00358750946383942025453

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर