Search

February 17, 2026 11:40 pm

एक चालान, कई ट्रिप, हिरणपुर से मालपहाड़ी तक अवैध बोल्डर परिवहन का संगठित खेल।

हिरणपुर अंचल से मालपहाड़ी थाना क्षेत्र तक अवैध बोल्डर परिवहन दिन-रात धड़ल्ले से जारी है। नियमों को ताक पर रखकर माइनिंग माफिया सुबह एक ट्रिप के लिए वैध माइनिंग चालान का इस्तेमाल करता है, जबकि शाम से रात और फिर रात से सुबह तक उसी एक चालान पर कई-कई ट्रिप चलाए जाते हैं।
सूत्रों के अनुसार सिमलढाब, बेलपहाड़ी और हाथीगढ़ की खदानों से दस और सोलह चक्का वाहनों के जरिए बोल्डर की आवाजाही बिना चालान की जा रही है। स्वाभाविक है कि जब परिवहन अवैध है, तो उत्पादन भी नियमों से परे हो रहा है। खदानों से निकले बोल्डर को मशीनों में पीसकर रातों-रात स्टोन चिप्स के रूप में खपाया जा रहा है। इस पूरे खेल में राजस्व चोरी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। माफिया बेखौफ होकर “सब सेटिंग है” का दावा करते हुए अपना धंधा बढ़ा रहे हैं। मुख्य सड़क पर प्रभावी चेक नाका नहीं होने से अवैध परिवहन को सीधा फायदा मिल रहा है। बताया जा रहा है कि पाकुड़ शहर समेत कई स्थानों पर माफिया के लोग तैनात हैं, जिनका काम जिला प्रशासन की गतिविधियों की रेकी करना और सूचना अपने आकाओं तक पहुंचाना है। खबर मिलते ही माफिया सतर्क हो जाते हैं और अवैध ट्रिप रोक दी जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खेल महीनों से चल रहा है, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में माफिया का हौसला बुलंद है। अब सवाल यह है कि कब प्रशासन इस संगठित अवैध खनन और परिवहन पर शिकंजा कसता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर