अक्षय कुमार सिंह
रामगढ़। उपायुक्त, रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के पहल पर जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा समावेशी विकास एवं ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत मंगलवार को उपायुक्त एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर “ट्रांस कैफे” का उद्घाटन किया गया।

यह कैफे ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा संचालित होगा, जो रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उक्त कैफे का उद्घाटन छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क में किया गया। यह पहल जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) एवं किन्नर उत्थान समिति के सहयोग से संचालित की जा रही है। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि “ट्रांस कैफे” का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना, उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस कैफे के माध्यम से न केवल समुदाय को रोजगार मिलेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संवेदनशीलता एवं स्वीकार्यता का भी विस्तार होगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष पहल में सम्मिलित होकर ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रयासों को प्रोत्साहित करें और “हर कप के साथ एक सपने को समर्थन” देने के इस अभियान का हिस्सा बनें।
यह पहल सामाजिक समावेशन, सम्मानजनक रोजगार एवं उद्यमिता के नए रास्ते खोलते हुए समाज में समानता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। ट्रांसजेंडर कैफे की शुरुआत करने में उत्थान सीबीओ संस्था एवं संस्था की सुनीता कौर का भी सहयोग रहा। इस दौरान उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।







