होली पर्व के मद्देनज़र प्राकृतिक एवं पर्यावरण- अनुकूल रंगों को बढ़ावा देने की दिशा में आज पलाश हर्बल गुलाल का भव्य शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी द्वारा अन्य जिला पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वयं सहायता समूह की दीदियों से पलाश हर्बल गुलाल क्रय कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्थानीय रोजगार सृजन तथा जिले के आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पलाश हर्बल गुलाल अब पाकुड़ बाजार स्थित पलाश मार्ट, दीदी कैफे एवं अन्य दुकानों पर आमजन के लिए उपलब्ध है। यह हर्बल गुलाल कॉर्न स्टार्च, पालक, गेंदे के फूल, पलाश के फूल, चुकंदर एवं नीम की पत्तियों जैसी प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार किया गया है। यह पूर्णतः पर्यावरण अनुकूल, रसायनमुक्त तथा त्वचा के लिए सुरक्षित है। उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने जिलेवासियों से अपील किया कि वे स्थानीय स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को खरीदकर “वोकल फॉर लोकल” अभियान को सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण आजीविका मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को बल मिलेगा।







