अक्षय कुमार
ललपनिया। शनिवार को मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के योगेंद्र प्रसाद गोमिया प्रखंड अंतर्गत पंचायत ललपनिया के में आयोजित सरहुल पूजा महोत्सव में शामिल हुए।



इस अवसर पर उन्होंने सरना स्थल पर माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरहुल पर्व हमारी समृद्ध आदिवासी संस्कृति, प्रकृति के प्रति गहरी आस्था और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व हमें जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश देता है तथा प्रकृति के साथ संतुलित और सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने सरहुल मेला के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों एवं क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







