Search

October 10, 2026 10:47 pm

छुट्टे की किल्लत पर चैंबर-एसबीआई की पहल, बाजार में घूमकर दुकानदारों को बांटे छोटे नोट।

पाकुड़। बाजार में लेन-देन के दौरान छुट्टे पैसों की समस्या से जूझ रहे दुकानदारों को राहत देने के लिए पाकुड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और भारतीय स्टेट बैंक ने अनूठी पहल की। चैंबर और एसबीआई की टीम ने मंगलवार को बाजार के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर करीब 250 दुकानदारों एवं छोटे कारोबारियों को छोटे मूल्यवर्ग के नोट उपलब्ध कराए। एसबीआई मुख्य शाखा के शाखा प्रबंधक नीरज कुमार के सहयोग से वित्तीय साक्षरता सलाहकार दिलीप गुप्ता, चैंबर अध्यक्ष निर्मल जैन और सचिव संजीव कुमार खत्री के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम मुख्य बाजार से लेकर हरिणडांगा बाजार, रेलवे गेट, सब्जी मंडियों और चौक-चौराहों तक पहुंची और फल-सब्जी विक्रेताओं, ठेला-रेहड़ी संचालकों, मिठाई दुकानदारों, जनरल स्टोर सहित छोटे कारोबारियों को छोटे नोट उपलब्ध कराए। चैंबर और बैंक की इस पहल से रोजमर्रा के कारोबार में छुट्टे पैसे को लेकर होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है। दुकानदारों ने भी इस पहल को उपयोगी बताते हुए सराहना की। साइबर ठगी से बचाव का भी संदेश: अभियान के दौरान व्यापारियों और आम लोगों को साइबर अपराध से बचने के प्रति जागरूक किया गया। पदाधिकारियों ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, PIN और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान कॉल या मैसेज पर बैंकिंग संबंधी जानकारी नहीं देने की अपील की। लोगों को ऑनलाइन लेन-देन में सतर्क रहने का संदेश देते हुए कहा गया—आपका बैंक खाता आपकी पूंजी है, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!