पाकुड़िया। पाकुड़िया-दुमका पीडब्ल्यूडी पथ पर बागजोबड़ा पुल के समीप शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना के एसआई रामप्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. अभय सर्राफ और डॉ. मंजर आलम ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायलों में दुमका जिले के कारूडीह निवासी देवा देहरी (40), अक्ला देहरी (50), हरिपुर निवासी सूर्या देहरी (48) और लकड़ापहाड़ी निवासी इरशाद अंसारी (31) शामिल हैं। बताया गया कि दो घायलों के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दो अन्य को गंभीर चोटें लगी हैं। जानकारी के अनुसार, देवा देहरी, अक्ला देहरी और सूर्या देहरी एक ही मोटरसाइकिल पर कारूडीह से पाकुड़िया की ओर आ रहे थे। वहीं इरशाद अंसारी दूसरी मोटरसाइकिल से पाकुड़िया से खरौनी की ओर जा रहे थे। बागजोबड़ा पुल के समीप तीखे मोड़ पर दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होने से हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






