Search

October 14, 2026 4:11 am

बंद खदान में मिला अज्ञात युवक का शव, हाथ बंधे और सिर-चेहरे पर चोट के निशान

मालिपाड़ा में सनसनी, सड़क पर खून मिलने से हत्या की आशंका; पुलिस ने शुरू की जांच

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल पंचायत अंतर्गत मालिपाड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक बंद पत्थर खदान के पानी में अज्ञात पुरुष का शव तैरता मिला। शव के दोनों हाथ रस्सी से बंधे होने और सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, खदान के पास शव दिखाई देने की सूचना मुखिया विकास गोंड को दी गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मुखिया के मुताबिक, खदान के पास सड़क पर खून भी बिखरा मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को खदान में फेंका गया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

नगर थाना प्रभारी जॉन मुर्मू ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक की पहचान और मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। चोट के निशान और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस शव की पहचान करने के साथ मामले के हर पहलू की पड़ताल में जुटी है।

IMG 20261013 WA0034
IMG 20261013 WA0033 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!