महिला किसान दिवस पर गोष्ठी, 72 महिला किसानों ने लिया हिस्सा; तीन प्रगतिशील किसानों को शॉल देकर किया गया सम्मानित
पाकुड़। अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष–2026 एवं महिला किसान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला संयुक्त कृषि भवन स्थित आत्मा सभागार में महिला किसान जागरूकता एवं सम्मान समारोह सह किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि आधारित स्वरोजगार, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन के जरिए आय बढ़ाने के उपाय बताए गए। इस दौरान कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली तीन प्रगतिशील महिला किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 72 महिला किसानों ने भाग लिया। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा अभिषेक मिश्र ने कहा कि कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने महिला किसानों से आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता कृषि क्षेत्र को नई मजबूती दे सकती है। कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी काजल तिर्की ने कृषि के साथ मत्स्य पालन जैसी संबद्ध गतिविधियों को महिलाओं की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बताया। उन्होंने महिला किसानों से स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। वहीं, आत्मा के उप परियोजना निदेशक चन्द्रमौली ने वैज्ञानिक खेती, कृषि उत्पादों के विविधीकरण और कृषि आधारित गतिविधियों के विस्तार पर जोर दिया। जिला लाइवलीहुड मैनेजर वीरेन्द्र कुमार ने कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, बेहतर विपणन और बाजार से जुड़ाव के माध्यम से आमदनी बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी दी। सहायक तकनीकी प्रबंधक खालिदा खातून ने जिले में संचालित कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं से महिला किसानों को अवगत कराया।
तीन प्रगतिशील महिला किसान सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए टेरेसा टुडू, कारमेला टुडू और पार्वती मुर्मू को शॉल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। मौके पर उपस्थित महिला किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला किसानों के योगदान को पहचान देने के साथ उन्हें आधुनिक तकनीक, उद्यमिता और बेहतर बाजार व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा अभिषेक मिश्र, नोडल पदाधिकारी काजल तिर्की, उप परियोजना निदेशक चन्द्रमौली, जिला लाइवलीहुड मैनेजर वीरेन्द्र कुमार, सहायक तकनीकी प्रबंधक खालिदा खातून एवं नीलम कुमारी श्रीवास्तव सहित अन्य उपस्थित थे।





