हर दो घंटे में देनी होगी खैरियत रिपोर्ट, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर
पाकुड़। दुर्गापूजा (दशहरा) पर्व के दौरान जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पूजा पंडालों, मंदिरों, संवेदनशील स्थलों, धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए जिले के विभिन्न थानों में 12 क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) को अलर्ट मोड में रखा गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 17 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सभी क्यूआरटी को हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर और टीजी गन सहित आवश्यक सुरक्षा एवं दंगारोधी उपकरणों से लैस किया गया है। टीमों को किसी भी विषम परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों की गतिविधियों और सोशल मीडिया पर पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
हर दो घंटे में देनी होगी रिपोर्ट
सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई न हो, इसके लिए क्यूआरटी के सभी पदाधिकारियों और जवानों को निर्धारित व्हाट्सएप ग्रुप में प्रत्येक दो घंटे पर अपनी खैरियत रिपोर्ट और फोटो साझा करने का निर्देश दिया गया है। संबंधित थाना एवं ओपी प्रभारियों को भी स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि पुलिस अधीक्षक की अनुमति के बिना क्यूआरटी की संख्या में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
बिना अनुमति ड्यूटी स्थल छोड़ने पर रोक।
क्यूआरटी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि संबंधित थाना या ओपी प्रभारी की अनुमति के बिना निर्धारित तैनाती स्थल से नहीं हटें। वहीं, विधि-व्यवस्था ड्यूटी में लगाए गए पुलिस जवानों, गृह रक्षकों और चौकीदारों को भी पूरी मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है। पुलिस का उद्देश्य पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना तथा किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल नियंत्रण सुनिश्चित करना है।






