झारखंड के तीन वीर पुलिसकर्मी भी शहीदों में शामिल, पुलिस संस्मरण दिवस पर कर्तव्य और बलिदान को किया गया याद
पाकुड़। देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को बुधवार को पाकुड़ पुलिस ने श्रद्धांजलि दी। पुलिस केंद्र में आयोजित पुलिस संस्मरण दिवस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने देशभर में शहीद हुए 154 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को नमन किया। इस दौरान शहीदों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में कुल 154 पुलिस पदाधिकारी और जवान शहीद हुए। इनमें झारखंड के तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। शहीदों में पुलिस अवर निरीक्षक हेमंत भगत, सुनील राम और संतन कुमार मेहता के नाम शामिल हैं।
पुलिस संस्मरण दिवस उन वीर पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने जीवन की परवाह नहीं की। उनका बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणा है और समाज को यह संदेश देता है कि देश की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी हर परिस्थिति में तत्पर रहते हैं। कार्यक्रम में एसपी अनुदीप सिंह ने शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस केंद्र के परिचारी प्रवर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।








