हिरणपुर (पाकुड़): दुर्गा पूजा के अवसर पर गुरुवार की शाम मोयरा मोदक दुर्गा मंदिर हिरणपुर के परिसर में भव्य रूप से बाउल संगीत व बंगला लोक गीत सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बंगाल की प्रसिद्ध गायिका स्मृति दास सहित अन्य कलाकारों ने बंगाली बाउल संगीत व पारंपरिक लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं व दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग उपस्थित थे ।कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, अंचलाधिकारी मनोज कुमार, थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह, पूजा समिति अध्यक्ष अभिजीत दत्ता, सचिव सुदीप सेन, पुरोहित उज्ज्वल चक्रवर्ती व उत्तम चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।रात भर चले इस कार्यक्रम में गायिका स्मृति दास, राहुल कुमार व इति दास ने बंगाली बाउल संगीत व लोकगीतों की एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी मधुर आवाज व शानदार गायन शैली से दर्शकों को देर तक बांधे रखा। पारंपरिक लोकसंगीत की धुन व गीतों से उपस्थित दर्शक झूम उठे। इस कार्यक्रम में बंगला संस्कृति व परम्परागत गीतों की शानदार प्रस्तुति की गई। सीओ ने उपस्थित दर्शकों को सम्बोधित करते हुए इस कार्यक्रम को लेकर पूजा कमिटी की प्रशंसा करते हुए कहा कि परम्परागत गीतों की प्रस्तुति काफी आकर्षक रहता है। इसमे भी बाउल संगीत मनमोह लेता है। बंगाल की लोक संस्कृति की झलक इस कार्यक्रम में देखने को मिली। इस अवसर पर पूजा कमिटी के सौमित्र सेन , गंगा रक्षित , धनन्जय इंदी , कार्तिक रुज , रूपक रक्षित , अमित रक्षित आदि उपस्थित थे।





