Search

October 25, 2026 12:32 am

जीएसटी इंस्पेक्टर बनीं राखी साहू, जिस विद्यालय में पढ़ीं वहीं पहुंचकर साझा की सफलता की कहानी

उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर में पूर्व छात्रा का सम्मान, विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की दी प्रेरणा।

पाकुड़िया। किसी विद्यार्थी की सफलता तब और खास हो जाती है, जब वह अपने पुराने विद्यालय लौटकर नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उषा देवी सरस्वती शिशु मंदिर, पाकुड़िया की पूर्व छात्रा राखी साहू के जीएसटी इंस्पेक्टर बनने पर शुक्रवार को विद्यालय परिवार ने इसी गर्व और खुशी का अनुभव किया। राखी अपने पिता त्रिदीप साहू के साथ विद्यालय पहुंचीं, जहां आचार्यों ने उन्हें सम्मानित किया। पाकुड़िया बाजार निवासी त्रिदीप साहू की पुत्री राखी ने विद्यालय पहुंचकर भारत माता, मां सरस्वती और अन्य महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित किया तथा पुष्प अर्पित कर वंदन किया। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से राखी और उनके पिता को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसी विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाली राखी की उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का संदेश लेकर आई है। वंदना स्थल पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने, मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और लगातार प्रयास से सपनों को साकार किया जा सकता है।
विद्यालय के आचार्य निलय कुमार दास ने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय होती हैं। शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राखी की सफलता दूसरे विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करेगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने राखी साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!