पाकुड़। बच्चों और किशोरों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से जन लोक कल्याण परिषद (JLKP) की ओर से पीएम श्री मध्य विद्यालय, धनुषपूजा में उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई। प्रधानाध्यापिका सावित्री सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन और जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
परिषद के समन्वयक भोला पांडेय ने शिक्षकों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को इसकी लत से बचाने के लिए विद्यालय, अभिभावक और समुदाय की संयुक्त भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने तथा नियमित जागरूकता गतिविधियां चलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। बैठक के अंत में प्रतिभागियों ने तंबाकू सेवन से दूर रहने और शिक्षण संस्थान को तंबाकू मुक्त बनाने की शपथ ली। परिषद की यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा के साथ विद्यालयों में सुरक्षित और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।







