Search

March 27, 2026 2:28 pm

साइबर ठगी का मामला, ओटीपी के नाम पर तीन लाख से अधिक की ठगी, मामला दर्ज।

एस भगत

पाकुड़। जिले के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सीतलपहाड़ी निवासी नुर नेहरा (उम्र लगभग 25 वर्ष) साइबर ठगी का शिकार हो गईं। इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर मालपहाड़ी ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर 2024 को नुर नेहरा के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को एक्सिस बैंक रांची का कर्मचारी बताया और खाते में अन्य ग्राहकों की राशि गलती से ट्रांसफर होने की बात कहकर डराया। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर कुल 3,39,493 रुपये की अवैध निकासी कर ली। पीड़िता ने बताया कि उनके खाते से यूनियन बैंक, इंडियन बैंक व अन्य खातों में क्रमश: 1,40,000 रुपये, 40,000 रुपये समेत अन्य रकम ट्रांसफर कर ली गई। पीड़िता ने जब स्थिति को समझा तब तक ठगी की पूरी घटना को अंजाम दिया जा चुका था। पीड़िता की गुहार पर मालपहाड़ी ओपी पुलिस ने साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पीड़िता ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई एवं ठगी गई राशि की वापसी की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर