Search

March 30, 2026 9:31 pm

अहिंसा का संदेश लेकर निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा से मनी भगवान महावीर जयंती।

पाकुड़। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जयंती सोमवार को पाकुड़ नगर में श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा, प्रभात फेरी एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय दिगंबर जैन मंदिर से प्रभात फेरी के साथ हुई। भगवान महावीर की आकर्षक प्रतिमा के साथ निकली शोभायात्रा अंबेडकर चौक और पेट्रोल पंप होते हुए नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरी। इस दौरान श्रद्धालु ‘अहिंसा परमो धर्म’ और ‘जीव हत्या पाप है’ जैसे संदेशों के साथ लोगों को जागरूक करते नजर आए। शोभायात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। महिला श्रद्धालु पीले वस्त्रों में और पुरुष सफेद परिधान में अनुशासनबद्ध तरीके से शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत भी किया। इस अवसर पर जैन समाज के प्रतिनिधि निर्मल जैन ने कहा कि भगवान महावीर का मूल मंत्र ‘जियो और जीने दो’ आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि अहिंसा, प्रेम और भाईचारे का संदेश समाज को एकता और शांति की दिशा में आगे बढ़ाता है। कार्यक्रम में उत्तम जैन, पवन जैन, विकास जैन, सुनीता जैन, अज्जु जैन, प्रवीण जैन, महावीर जैन, पिंकू जैन, मुन्ना जैन सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर