महेशपुर में शनिवार को एक बेहद चुनौतीपूर्ण और सराहनीय रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। स्थानीय निवासी विजय वर्मा के घर से एक विशाल स्पेक्टेकल्ड कोबरा (गेहुंआ सांप) और उसके 42 अंडे सुरक्षित बरामद किए गए। जानकारी के अनुसार, घर में कोबरा और इतने बड़ी संख्या में अंडे मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि, विजय वर्मा ने समझदारी दिखाते हुए न तो सांप को नुकसान पहुंचाया और न ही अंडों को नष्ट किया, बल्कि तुरंत रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन्यजीव रक्षक अशरफुल शेख मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कोबरा और सभी अंडों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई ताकि किसी को कोई नुकसान न हो। अशरफुल शेख ने बताया कि अक्सर लोग डर या अज्ञानता के कारण सांपों और उनके अंडों को नष्ट कर देते हैं, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ता है। उन्होंने कहा कि इन अंडों से निकलने वाले सांप प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उन्हें मारें, बल्कि तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
रेस्क्यू के लिए संपर्क: 7739839932
वन्यजीव रक्षक: अशरफुल शेख






