Search

March 13, 2026 11:30 pm

रमजान के चौथे जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा, मस्जिदों में उमड़ी भारी भीड़।

पाकुड़िया: मुकद्दस महीने रमजान के चौथे जुमे की नमाज शुक्रवार को पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। प्रखंड के पाकुड़िया जामा मस्जिद, डोमनगढ़िया, फुलझींझरी, सोरला, राजपोखर सहित तमाम छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी और रोजेदारों ने अल्लाह की बारगाह में इबादत कर दुआएं मांगीं।
जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती नूर आलम ने बताया कि इस समय रमजान का आखिरी अशरा चल रहा है, जिसे जहन्नम की आग से निजात का अशरा कहा जाता है। इस वजह से रोजेदारों में इबादत का जज्बा और बढ़ गया है। जुमे की नमाज से पहले अपनी तकरीर में उन्होंने आखिरी अशरे की फजीलत बयान करते हुए कहा कि इसी अशरे में शब-ए-कद्र (लैलतुल कद्र) की मुकद्दस रात आती है, जिसमें की गई इबादत का सवाब हजार महीनों की इबादत से भी बेहतर माना जाता है।
उन्होंने जकात और सदका-ए-फितरा की अहमियत पर जोर देते हुए लोगों से गरीबों और जरूरतमंदों की दिल खोलकर मदद करने की अपील की। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया।
नमाज के बाद मुल्क और दुनिया में अमन-चैन, तरक्की, आपसी सौहार्द और बीमारों की सेहत के लिए सामूहिक दुआएं की गईं। इधर, प्रखंड में ईद-उल-फितर की तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जुमे की नमाज के बाद बाजारों में खासा रौनक देखने को मिली। कपड़ों और जूतों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, वहीं किराना दुकानों पर सिवइयां, खजूर और मेवों की खरीदारी के लिए भी लोगों का तांता लगा रहा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर