पाकुड़िया से महेशपुर जाने वाली पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क पर धावाडंगाल के समीप रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब एक बजे का बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पाकुड़िया पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान महेशपुर थाना क्षेत्र के कुतुकपुर गांव निवासी इबानियुस मुर्मू (25 वर्ष), पिता एंथोनी मुर्मू के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इबानियुस मुर्मू तलवा में आयोजित मेला देखकर देर रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। दुर्घटना में उसकी मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई। सोमवार सुबह परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और शव की पहचान की। मृतक अविवाहित बताया जा रहा है।
चिकित्सक डॉ. गंगा शंकर साह ने बताया कि युवक को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। जांच में उसके चेहरे का एक हिस्सा बुरी तरह कुचला हुआ पाया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास में जुटी है।






