Search

January 23, 2026 11:31 pm

विवेकानंद जयंती की पूर्व संध्या पर एबीवीपी का दीपोत्सव, प्रतिमा स्थल की बदहाली पर नगर परिषद घिरी।

पाकुड़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नगर इकाई ने शनिवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती की पूर्व संध्या पर उनकी प्रतिमा स्थल पर साफ-सफाई अभियान चलाया और दीपोत्सव का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिमा स्थल की अव्यवस्था को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए। इस मौके पर प्रदेश सह मंत्री बम भोला उपाध्याय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल संन्यासी नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” के संदेश को आज के युवाओं को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद स्वामी विवेकानंद के ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचारों को आत्मसात कर शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उपाध्याय ने प्रतिमा स्थल की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि चारों ओर गंदगी, प्लास्टिक और गुटखा के रैपर फैले होना नगर परिषद की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन से शीघ्र व्यवस्था सुधारने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने को मजबूर होगी। कार्यक्रम के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी और प्रतिमा स्थल की सफाई कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। मौके पर सूरज कुमार, दिनेश पंडित, हर्ष कुमार, अंशु कुमार साह, आयुष पटवा, शिवम कुमार, बजरंगी प्रसाद, कुणाल सिंह, सुदीप दास, कृष्णा यादव, राजा शर्मा, आयुष चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर