पांकी, पलामू
क्षेत्र में शीत लहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए चतरा सांसद कालीचरण सिंह के आदेशानुसार पांकी विधानसभा क्षेत्र में गरीब, गुरबा,असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच पर कंबल वितरण किया जाएगा। इस आशय को लेकर पांकी भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा नेता शत्रुघ्न सिंह ने जानकारी दी।
शत्रुघ्न सिंह ने प्रेस के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद कालीचरण सिंह के निर्देश पर पूरे पांकी विधानसभा क्षेत्र में ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कम्बल वितरण का कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सांसद द्वारा लगभग 8000 कंबल वितरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो मुख्यालय में पहुंच चुका है।
उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर से कंबल वितरण अभियान की शुरुआत की जाएगी, जो पांकी विधानसभा के पांच प्रखंडों में एक साथ 10 स्थानों से शुरू होगा। प्रत्येक मंडल में भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे और विशेष रूप से गरीब, गुरबा,बुजुर्ग एवं असमर्थ व्यक्तियों तक कंबल पहुंचाने का कार्य करेंगे, जो स्वयं कंबल खरीदने में असमर्थ हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में यह भी बताया गया कि माननीय सांसद कालीचरण सिंह द्वारा पांकी विधानसभा में निरंतर विकास कार्य संपादित किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई योजनाओं की रूपरेखा तैयार की है। इनमें केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, कोल्ड स्टोरेज निर्माण, तथा लावालौंग–पांकी सड़क के निर्माण को लेकर प्रयास तेज हैं। शत्रुघ्न सिंह ने उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों को लेकर 20 से 25 तारीख के बीच शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सांसद कालीचरण सिंह लगातार यह प्रयास कर रहे हैं कि पांकी विधानसभा का सर्वांगीण विकास हो और आम लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।






