पाकुड़िया प्रखंड में बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को पाकुड़िया बाजार और आसपास के गांवों में दस हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया।
विद्युत विभाग के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में बिजली मिस्त्री कीनाराम मांझी, उत्तम गोंराय, राजेश मंडल और युसूफ अंसारी सहित अन्य कर्मियों ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान लगभग आधा दर्जन सीएस उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए। बिजली मिस्त्री कीनाराम मांझी ने बताया कि विभागीय आदेश के अनुसार जिन सीएस और डीएस कनेक्शनधारियों पर दस हजार रुपये से अधिक बिजली बिल बकाया है, उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने प्रखंड के सभी बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि जिनका बिजली बिल दस हजार रुपये से अधिक लंबित है, वे जल्द से जल्द अपना बकाया बिल बिजली कार्यालय या ऑनलाइन माध्यम से जमा कर दें। अन्यथा विभागीय आदेश के तहत उनके बिजली कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे।






