पाकुड़। जिले में कालाजार के बढ़ते मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सदर प्रखंड के महादेवपुर और अमड़ापाड़ा प्रखंड के डुमरचीर में विशेष अभियान चलाया। टीम ने प्रभावित गांवों में घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान की, वहीं मेडिकल कैंप लगाकर जांच और इलाज की व्यवस्था की गई। अभियान के तहत लोगों को कालाजार के लक्षण, बचाव और समय पर इलाज के बारे में सीधे संवाद के जरिए जागरूक किया गया। साथ ही एंटोमोलॉजिकल सर्वे कर सैंडफ्लाई की स्थिति का आकलन किया गया, ताकि आगे की रोकथाम रणनीति को और मजबूत बनाया जा सके। अमड़ापाड़ा में रात्रि चौपाल के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए समय पर जांच, पूरा इलाज और आईआरएस जैसे उपायों की अहमियत बताई गई। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में मेडिकल टीम लगातार निगरानी और सक्रिय केस खोज पर फोकस कर रही है। उनका कहना है कि समय पर पहचान और उपचार से कालाजार पर तेजी से नियंत्रण पाया जाएगा।








