Search

March 3, 2026 9:00 am

होली को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति व सौहार्द पहली प्राथमिकता।

पाकुड़ — होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मनीष कुमार (उपायुक्त) एवं निधि द्विवेदी (पुलिस अधीक्षक) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी दंडाधिकारियों, थाना प्रभारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान शांति, आपसी भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील व घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन से निगरानी, कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा नियमित खैरियत प्रतिवेदन लेने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखते हुए अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। उन्होंने होलिका दहन दो दिन और अलग-अलग समय पर होने के कारण विशेष सतर्कता बरतने, प्रातःकालीन कार्यक्रमों के दौरान फायर ब्रिगेड को रेडी मोड में रखने, मंदिरों व धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने, छेड़खानी जैसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों की सघन जांच जारी रखने के निर्देश दिए। एम्बुलेंस, चिकित्सा दल, विद्युत व्यवस्था व अन्य आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रखने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों और दंडाधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना या हलचल की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष फोर्स की तैनाती, नियमित गश्ती, फ्लैग मार्च और बिना अनुमति किसी जुलूस या प्रदर्शन को रोकने के निर्देश दिए गए। मेलों व धार्मिक आयोजनों के स्थलों पर आयोजकों से समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के अंत में आम नागरिकों से अपील की गई कि वे शालीनता और सौहार्द बनाए रखें, जबरन रंग न डालें और पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में होली पर्व पूरी सुरक्षा और शांति के साथ संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर