जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल
मेदिनीनगर। नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देश पर मेदिनीनगर स्थित जीएलए कॉलेज डाल्टनगंज में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बॉटनी विभाग के रीडर डॉ. जसबीर बग्गा को कॉलेज का नया प्रोफेसर इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 2000 की धारा 64 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है। आदेश के प्रभावी होने के साथ ही डॉ. बग्गा अपनी शैक्षणिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ कॉलेज के प्रशासनिक कार्यों का भी निर्वहन करेंगे।
अधिसूचना के अनुसार निवर्तमान प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. श्रवण कुमार को तत्काल प्रभाव से कार्यालय का प्रभार डॉ. जसबीर बग्गा को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार द्वारा जारी पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित शिक्षकों के वेतनमान में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा और उन्हें पूर्व की तरह ही भुगतान किया जाएगा। इस प्रशासनिक बदलाव को कॉलेज के शैक्षणिक और प्रशासनिक माहौल को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









